शामली। सामूहिक विवाह समारोह में जिले के 89 जोड़ों का विवाह विधिवत संपन्न हो गया। पंडितों ने हिंदू कन्याओं और वर के फेरे डलवाए, तो मुसलिम युवक-युवतियों का निकाह मौलवी ने संपन्न कराया। सोमवार को शामली में भैंसवाल रोड स्थित वेदांश पैलेस में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबका साथ-सबका विकास के एजेंडे के साथ कार्य कर रहे हैं। सामूहिक विवाह समारोह भी इसका ताजा उदाहरण है। सीएम की परिकल्पना ने लोगों को राहत प्रदान की है।
शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि शादी होना जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां से इंसान की दूसरी जिंदगी प्रारंभ होती है। इसलिए वैवाहिक जीवन में प्रवेश के बाद जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। प्रदेश सरकार ने सामूहिक विवाह योजना के जरिये उन गरीब परिवारों की चिंता दूर कर दी है, जो अपने बच्चों की शादियों के लिए चिंतित रहते थे।
साथ ही उन्होंने कहा कि परिवार को सुखी बनाने के लिए नवयुवा को संकल्प लेना चाहिए कि बच्चे दो ही अच्छे, ताकि जनसंख्या नियंत्रण भी हो सके।
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिस रूप में इस योजना की परिकल्पना की, उसमें समाजसेवी लोगों का सहयोग सराहनीय है। सरकार की तरफ से वधू के खाते में 20 हजार रुपये जमा हो जाएंगे, जो गृहस्थ जीवन को चलाने में मददगार साबित होंगे। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस योजना के जरिये आदर्श स्थापित किया है। दांपत्य जीवन स्नेह और प्रेम के साथ चलाना चाहिए। क्योंकि वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने पर जिम्मेदारी बढ़ती है और समझदारी भी। इसलिए परिवार में ऐसा व्यवहार रखें, ताकि किसी प्रकार का संकट उत्पन्न न होने पाए।
इस दौरान बबीता, सोनिया, रीना देवी, रीता देवी, रेनू, साहिना, तबस्सुम, सोनिया, मुसरा और शाइस्ता को मंच पर बुलाकर विवाह प्रमाण पत्र दिया गया। बाकी जोड़ों को बाद में सामान, प्रमाणपत्र और नकद धनराशि प्रदान की गई। मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह के लिए प्राप्त आवेदनों में से 105 स्वीकृत हुए, जिनमें से 89 जोड़ों की शादी संपन्न कराई गई। उनमें हिंदू परिवार के 42 और मुसलिम परिवारों के 47 जोड़ों की शादी संपन्न कराई।
प्रत्येक दंपति को सरकार की तरफ से करीब 10 हजार रुपये कीमत में बर्तन, कपड़े, बिछुए, पाजेब और मोबाइल फोन दिया गया। इसके अलावा दान स्वरूप प्राप्त हुई धनराशि में से प्रत्येक दंपति को 5100 रुपये नकद प्रदान किए गए। समारोह में अपर जिलाधिकारी केबी सिंह, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, एसडीएम सुरजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार, भाजपा नगराध्यक्ष डाक्टर विपिन कौशिक, अजय संगल, उद्यमी अंकित गोयल, अनुज कुमार गर्ग, चेयरमैन राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।