शामली। सीडीओ यशु रुस्तगी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की बैठक लेकर आईसीआईसीआई लुंबार्ड बीमा कंपनी द्वारा 199 दावे अस्वीकृत करने का कारण पूछा है। इस प्रकरण में कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रभारी डीएम और सीडीओ यशु रुस्तगी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की बैठक लेकर समीक्षा की। जिसमें सीडीओ ने आईसीआईसीआई लुंबार्ड कंपनी द्वारा जिले के 199 किसानों की गन्ना फसल के दावे स्वीकृत करने पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना के लाभार्थियों के दावे किस कारण रद्द किए गए, उनका विवरण प्रस्तुत किया जाए। साथ ही जनपद में बीमा कंपनी का कार्यालय खोला जाए, ताकि किसानों और बैंक प्रबंधकों को कोई परेशानी न हो।
लीड बैंक पीएनबी के मैनेजर हरपाल सिंह तोमर ने बैठक में बताया कि जनपद से 6 करोड़ 31 लाख रुपये बीमा कंपनी को प्रीमियम अदा किया है। इसके बाद भी कंपनी की ओर से जनपद में कोई कार्यालय नहीं खोला गया है, जिसके कारण बैंक प्रबंधकों और किसानों को परेशानी का सामना कराना पड़ता है। जिले में कंपनी का कार्यालय होना अति आवश्यक है। बीमा कंपनी के प्रतिनिधि दीपक कुमार ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत गन्ना फसल की क्षति के दावे आए हैं, जो बीमा योजना की परिधि में नहीं आते। इसी वजह से सभी दावे निरस्त किए गए हैं। अपर जिला कृषि अधिकारी सुभाष चंद गोयल, कृृषि तकनीकी सहायक मांगेराम, पीएनबी के वाईपी सिंह पंवार, विनोद कुमार सिन्हा, भास्कर सिंह आदि मौजूद रहे।