शामली। यूपी सरकार ने हाल में ही फार्मर रजिस्ट्री की तिथि को आगे बढ़ा दिया हैं। अब इसकी तिथि 30 अप्रैल कर दी गई है। फार्मर रजिस्ट्री अभियान से जुड़कर किसान न केवल आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकेंगे, बल्कि उन्हें कृषि योजनाओं का सीधा लाभ भी मिलेगा।
मंगलवार को उप-कृषि निदेशक प्रमोद कुमार ने बताया कि किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करने की समय सीमा बढ़ाकर 31 मार्च से 30 अप्रैल कर दी है। यूपी सरकार की यह पहल किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। इस अभियान के अंतर्गत सभी भूमिधर किसानों का पंजीकरण किया जाएगा, जिससे वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की खतौनी को उनके आधार और मोबाइल से जोड़कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जा रहा है। इस पंजीकरण से किसानों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ग्राम पंचायत सचिवालय व पंचायत घरों पर राजस्व विभाग के लेखपाल व कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा शिविर भी लगाए जाएंगे। शिविर में पहुंचकर भी किसान फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं।
-बार-बार सत्यापन की नहीं जरूरत
रजिस्ट्री कराने वाले किसानों को बार-बार दस्तावेजों का सत्यापन नहीं कराना पड़ेगा। उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की पूरी जानकारी भी समय-समय पर दी जाएगी।
-कैसे करें फार्मर रजिस्ट्री
किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अधिकारिक वेबसाइट या निकटतम कृषि विभाग कार्यालय में जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए खतौनी, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर का होना आवश्यक है।