संवाद न्यूज एजेंसी
झिंझाना। क्षेत्र के गांव पुरमाफी में बुधवार को दिन निकलते ही आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटक कर किसान मोहन ने आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना पाते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार को दिन निकलते ही गांव पुरमाफी रजवाहे के निकट किसान सतेंद्र डीलर के खेत में लगे आम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर युवक लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर शव के पास से साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहन कश्यप पुत्र ओमवीर सिंह निवासी गांव पुरमाफी के रूप में हुई। मोहन की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक मोहन खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
मृतक अपने पीछे पत्नी बिल्लो एवं पुत्र अर्पित आठ वर्ष, केशव उम्र पांच वर्ष, पुत्री गोरी उम्र दो वर्ष को रोता बिलखता छोड़ गया।
कोतवाली प्रभारी जितेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया गांव पुरमाफी निवासी मृतक के भाई अंकुर ने बताया कि भाई मोहन ने गृह कलह के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
पुलिस का कहना है कि किसान के आत्महत्या के कारणों का पता किया जा रहा है।