भूख हड़ताल पर बैठी सर्वजन हिताय महिला मोर्चा की महिला सुमन सैनी।
कैराना में खुली बैठक में राशन डीलर का प्रस्ताव पास होने के बावजूद भी दुकान नहीं मिलने पर परिवार आमरण अनशन पर बैठ गया। परिवार ने न्याय नहीं मिलने पर दो दिन बाद तहसील में ही आत्मदाह की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे ग्राम किशोरपुर निवासी सर्वजन हिताय महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमन सैनी व उसका पति विनोद सैनी अपनी दो बेटियों के साथ तहसील परिसर पहुंचे तथा आमरण अनशन पर बैठ गए। विनोद सैनी के साथ उनका बड़ा भाई नैन सिंह भी अनशन पर बैठा।
विनोद सैनी ने बताया कि 24 सितंबर को उनके गांव किशोरपुर में खुली बैठक का आयोजन किया गया था। जिसमें उनके बडे़ भाई नैन सिंह की पत्नी राजेश के नाम राशन की दुकान का प्रस्ताव पास हो गया था। विपक्ष के लोगों ने 29 सितंबर को शिकायत की थी कि गांव में खुली बैठक से पहले मुनादी नहीं करायी गई थी। बाद में एसडीएम ने बिना किसी कारण उनकी राशन की दुकान का प्रस्ताव खारिज कर दिया। जिस कारण उनके भाई की पत्नी राजेश देवी मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार रहने लगी।
आरोप है कि अन्य अधिकारियों ने राशन की दुकान के प्रस्ताव को सही ठहराया, लेकिन एसडीएम राशन की दुकान उनकी भाभी के नाम आवंटित नहीं कर रहे हैं। जिस कारण वह अपनी पत्नी व दोनों बेटियों के साथ तहसील में आमरण अनशन पर बैठे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके साथ न्याय नहीं किया गया तो वह 17 दिसंबर को 11 बजे तहसील परिसर में ही अपनी पत्नी व दोनों बेटियों के साथ आत्मदाह कर लेगे।
उधर एसडीएम भानू प्रताप यादव ने कहा कि जिसके बारे में बताया गया था कि उक्त व्यक्ति ने मुनादी की थी। उसने लिखित रूप में दिया कि उसने मुनादी नहीं की थी। जिस कारण राशन की दुकान के प्रस्ताव को निरस्त किया जाना सही है। अनशन करने वाले परिवार को समझाने का प्रयास किया जाएगा।