उत्तर प्रदेश डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर जिले के फार्मेसिस्टों ने 14 सूत्री मांगों को लेकर शामली सीएचसी में काली पट्टी बांधकर कार्य किया। उन्होंने मांगे पूरी न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
संरक्षक आरपी पांडे ने बताया कि वेतन विसंगति, नये पदों का सृजन, रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती, पदोन्नति के पदों को भरने, पुरानी पेंशन बहाल करने, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 1980 नियमावली के अधीन भर्ती आदेश का पालन करने सहित 14 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। पांच दिसंबर तक फार्मासिस्ट काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। मांगे पूरी न होने पर सात से आठ दिसंबर तक दो घंटों का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। यदि उनकी मांगों को नहीं माना जाता तो दस दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर संजीव शर्मा, नवनीत, अजय कुमार, ताहिर बेग, अजय सिंह राठी आदि मौजूद रहे।