शामली। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया जाएगा। मेले में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले का कार्यक्रम तैयार किया गया है। शामली ब्लॉक के गांव कुड़ाना सीएचसी में 18 अप्रैल को, ऊन ब्लॉक में 19 अप्रैल, कांधला ब्लॉक में 20 अप्रैल, कैराना ब्लॉक में 21 अप्रैल और थानाभवन ब्लॉक में 23 अप्रैल को स्वास्थ्य मेला सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले को प्रभावी बनाने और लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए डीएम जसजीत कौर ने पहले ही सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कहा कि स्वास्थ्य मेला में चिकित्सा अधीक्षकों से समन्वय बनाकर अपने-अपने विभागों से संबंधित गतिविधियों की जानकारियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मेला स्थल पर स्टाल लगाएंगे।
सीएमओ ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, आरटीआई/एसटीआई, कांउसिलिंग सेवा, योगा एवं ध्यान, एनसीडी स्क्रीनिंग, केंसर से बचाव हेतु जागरूकता, कम्युनिकेबल डिजीज, मलेरिया और त्वचा रोग, नेत्र रोग और सामान्य बीमारी हेतु सेवाएं, जागरूकता हेतु प्रदर्शनी, ईएनटी, ओरल हेल्थ और नि:शुल्क दवा का वितरण आदि सेवाएं मेले में उपलब्ध कराई जाएंगी।