शामली। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। आए दिन पुलिस पर हमले होते हैं, तो बिजनौर में दरोगा सहजोर मलिक की हत्या कर दी गई। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। जरूरत पड़ी तो रालोद आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
शुक्रवार को रालोद महासचिव जयंत चौधरी ने गांव लिसाढ़ में शहीद दरोगा सहजोर मलिक के घर पहुंचे। दरोगा सहजोर मलिक की हत्या पर दुख जताया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। सहजोर मलिक के भाई अनुज ने उनसे कहा कि सहजोर की हत्या हुए 15 दिन से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन अब तक खुलासा नहीं हुआ।
बल्कि पुलिस उनके परिवार वालों को ही पूछताछ के नाम पर परेशान कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बेपटरी हो गई है। अफसर बेलगाम है और जनता त्रस्त है। बिजनौर में मलिक की हत्या के बाद पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सहायता तक नहीं दी गई।
बताया कि खराब कानून व्यवस्था को लेकर रालोद रणनीति बनाएगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा। इस दौरान एमएलसी मुश्ताक चौधरी, रालोद शामली जिलाध्यक्ष ऋषिराज राझड़, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष अजित राठी, योगेंद्र चेयरमैन, पूर्व विधायक बलबीर सिंह किवाना, तरसपाल मलिक, बिजेंद्र सिंह मलिक, देशराज भनेड़ा, अनवार चौधरी, वाजिद अली, सोहनपाल कसेरवा, कंवरपाल मालेंडी, रंधावा मलिक, रजनीश कोरी, विकास धीमान, विक्रांत जावला, नरेश मालैंडी, सुनील मलिक आदि मौजूद रहे। रालोद महासचिव जयंत चौधरी बुढ़ाना क्षेत्र के गांव गढ़ी नोआबाद में पूर्व विधायक राजपाल बालियान के घर रवाना हो गए।