- एक सप्ताह पहले बधेव नहर पुल के निकट बाइक ने पीछे से स्कूटी में मारी थी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में बधेव पुल के निकट एक सप्ताह पहले पीछे से बाइक की टक्कर लगने से घायल स्कूटी सवार फैक्टरी कर्मचारी उमर मोहम्मद की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
जिला गाजियाबाद के थाना वेव सिटी के गांव उस्मान गढ़ी डासना देहात निवासी चौधरी रियासत ने बताया कि उसका भाई उमर मोहम्मद व उसका दोस्त सचिन निवासी खेड़ा थाना पिलखुवा जिला हापुड़ दोनों पानीपत स्थित हैंडलूम फैक्टरी में कार्य करते थे। पांच जून को दोनों स्कूटी से करनाल गए थे और वहां से निजी कार्य करके घर जा रहे थे। स्कूटी को उमर चला रहा था। वह अपनी बाइक से उनके पीछे चल रहा था। जब वे देर शाम करीब साढ़े सात बजे गांव गोहरनी के निकट बधेव नहर पुल के पास पहुंचे तो पीछे से तेजी से आई बाइक ने उसे ओवरटेक कर आगे चल रही स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से स्कूटी सवार दोनों दोस्त गंभीर घायल हो गए। इस दौरान चालक बाइक को मौके पर छोड़कर भाग गया। दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। वहां से उसके भाई को पीजीआई मेरठ रेफर कर दिया गया। सात जून को उपचार के दौरान उसके भाई उमर मोहम्मद की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।