कैराना क्षेत्र के गांव तित्तरवाड़ा निवासी फरमुदा का फाइल फोटो ।
शामली। स्टेशन पर रेलवे लाइन पार करते समय सहारनपुर से दिल्ली जा रही पैसेंजर ट्रेन से कटकर फरमूदा (75) की मौत हो गई। वह अपने पति के साथ अपने बीमार भाई का पता लेने सहारनपुर जाने के लिए स्टेशन पर पहुंची थी।
कैराना थानाक्षेत्र के गांव तितरवाड़ा निवासी फरमूदा अपने पति जिंदा हसन के साथ सहारनपुर जाने के लिए स्टेशन पर पहुंची थी। सुबह नौ बजे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक पर सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन खड़ी थी। महिला अपने पति के साथ प्लेटफार्म नंबर दो पर बैठकर सहारनपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान महिला अपने पति को बिना बताए ही ट्रेन के आगे से होकर रेलवे लाइन पार कर प्लेटफार्म नंबर एक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन चल दी और महिला उसकी चपेट में आ गई। ट्रेन से कटकर महिला का शरीर दो हिस्से में कट गया। ट्रेन के जाने के बाद महिला की मौत होने की जानकारी मिली।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी व आरपीएफ मौके पर पहुंची। पति ने शव की पहचान की। मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी के साथ जिला सहारनपुर के गांव हाड़ाखेड़ी जा रहे थे। उसकी पत्नी का भाई बीमार चल रहा है, उसका पता लेने जा रहे थे।
महिला की तलाश करता रहा पति, पुलिस को दी गुम होने की सूचना
महिला के प्लेटफार्म नंबर दो से अचानक गुम होने पर पति जिंदा हसन ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका जब कहीं पता नहीं चल सका तो वह स्टेशन पर मौजूद पुलिस के पास पहुंचा और पत्नी के गुम होने की जानकारी दी। पुलिस ने उसे हादसे में महिला की मौत होना बताया। इसके बाद पति ने मौके पर जाकर महिला की पहचान की।
कैराना क्षेत्र के गांव तित्तरवाड़ा निवासी फरमुदा का फाइल फोटो ।