शामली कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में भाग लेते अधिकारी।
- फोटो : SHAMLI
शामली। डीएम जसजीत कौर ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक की। डीएम ने डीपीआरओ को आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत कराने व बिजली, पेयजल और शौचालय के साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को 5-5 आंगनबाड़ी केंद्रों को स्थलीय निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अतिकुपोषित श्रेणी के चिह्नित 1383 बच्चों में से 933 और कुपोषित श्रेणी के चिह्नित 3965 में से 2786 बच्चों में सुधार पाया गया। डीएम ने कहा कि अतिकुपोषित बच्चों को नजदीक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ले जाएं।
जहां चिकित्सक बच्चों का स्वास्थ्य जांच करें और बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली, आयरन फोलिक एसिड का सिरप, पिडियाट्रिक मल्टीविटामिन की गोली उपलब्ध कराया जाए, जो बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित हो उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जाए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 5348 कुपोषित बच्चों के परिवारों को शौचालय, राशन कार्ड व मनरेगा जॉब कार्ड की सुविधा प्रदान की गई है।