शामली। धूप व लू से आंखों में संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ रहा है और ब्लड प्रेशर भी गिर रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी से आंखों में जलन और पानी आने की समस्या बढ़ जाती है। ब्लड प्रेशर गिरने से मरीज को पहले तेज सिर दर्द होता है और उसके बाद बेहोशी आ जाती है। अस्पताल में गर्मी के कारण ब्लड प्रेशर के मरीज बढ़े हैं।
जिला अस्पताल में हर रोज 20 से लेकर 30 मरीज आंखों के संक्रमण के पहुंच रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शबीब कहना है कि गर्मी में आंखों का अधिक ख्याल रखने की जरूरत होती है। लगातार तेज धूप में निकलने से आंखों में जलन और पानी निकलने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। आंखों के धूल जाने से खुजली या जलन के साथ दर्द होने लगता है और पलकों में सूजन आ जाती है। आंखों में संक्रमण होने पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है। इसके अलावा गर्मी बढ़ने पर ब्लड प्रेशर कम हो जाता है।
सीएमएस डॉ. अंजू जोधा का कहना है कि ब्लड प्रेशर अचानक कम होने से चक्कर आना, घबराहट, बैचेनी और तेज सिर दर्द की समस्या हो रही है। अस्पताल में ब्लड प्रेशर के मरीज बढ़े हैं। चिकित्सक लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सिर पर कपड़ा रखकर और चश्मा लगाकर ही घर से निकलने की सलाह दे रहे हैं। ब्लड प्रेशर के मरीजों को भी सिर को ढककर बाहर निकलने, एसी से अचानक बाहर न निकलने, पानी पीने और नमक का कम सेवन करने की सलाह दी जा रही है।
ऐसे करें बचाव
- दिन में बार-बार ठंडे पानी से आंखों को धोए
-पूरी नींद लें और पौष्टिक आहार लें
-खाने में हरी सब्जियां, अंकुरित अनाज का प्रयोग करें
-धूप में निकलते समय सिर पर कपड़ा रखें और चश्मे का प्रयोग करें
-एसी से तुरंत बाहर न निकलें और खूब पानी पीएं
-परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से सलाह लें