शामली। बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित परिषदीय विद्यालयों में चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षा पूर्व में बिना तैयारी के शुरू हो गई है। इसका नतीजा ये है कि विद्यालयों में कहीं बोर्ड पर लिखा जा रहा प्रश्नपत्र तो कहीं पर प्रश्नपत्र के नाम पर दी जा रही फोटो कॉपी।
शासन ने परिषदीय विद्यालयाें में कक्षा एक से आठ तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा दस नवंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। शासन के निर्देश इसी महीने में प्राप्त होने के कारण अर्द्धवार्षिक परीक्षा को लेकर पहले से कोई तैयारी नहीं की गई। पहले माना जा रहा था कि दीपावली के बाद परीक्षा होगी, लेकिन शासन के निर्देश मिलते ही विद्यालयों में सोमवार से आनन फानन में सोमवार से आधी अधूरी तैयारियों की बीच परीक्षा शुरू हो गई। कक्षा एक की परीक्षा मौखिक कराई जा रही है। कक्षा दो से पांच तक की परीक्षा मौखिक और लिखित और कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा लिखित कराई जा रही है। अब विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। कक्षा में बोर्ड पर ही प्रश्न लिखकर परीक्षा कराई जा रही है। कहीं पर जूनियर कक्षा के विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र की प्रति उपलब्ध कराकर खानापूर्ति कराई जा रही है। आदर्श प्राथमिक विद्यालय लांक की प्रधानाध्यापिका सुवासिनी ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर कक्षा के अध्यापकों से प्रश्नपत्र तैयार कराया है। इसके बाद उसका प्रिंट निकालकर फोटो कॉपी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय लिलौन की प्रभारी प्रधानाध्यापिका उपमा शर्मा ने बताया कि उनके विद्यालय में छोटी कक्षा में बोर्ड पर प्रश्नपत्र लिखकर परीक्षा कराई जा रही है जबकि कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र तैयार कर उसकी फोटो प्रति उपलब्ध कराकर परीक्षा कराई जा रही है।