पूर्व सैनिक करें युवाओं को अग्निपथ योजना के प्रति जागरूक: डीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर पूर्व सैनिकों की बैठक हुई। इसमें डीएम ने पूर्व सैनिकों से सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर वार्ता की और विस्तृत जानकारी दी।
डीएम ने कहा कि अग्निपथ योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। जिसमें सशस्त्र बल फोर्स में जाने का और चार साल बाद स्थायीकरण होने का बहुत अच्छा अवसर है। जो अग्निवीर सेना में चार साल के बाद लगातार नहीं रह पाएगा उन्हें पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस फोर्स में वरीयता दी जाएगी। अलग-अलग योजनाओं में आसान कर्ज मिलेगा। बैठक में डीएम ने कहा कि योजना की जानकारी के अभाव में कुछ स्वार्थी लोगों की वजह से हमारे प्रदेश के कुछ जनपदों में हिंसक घटनाएं देखने को मिली है। अभी तक हमारे जिले में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन नहीं चाहता कि किसी युवा पर पुलिस कार्रवाई हो। इसलिए आप अपने माध्यम से ज्यादा से ज्यादा युवाओं को सरकार की योजना को लेकर जागरूक करें। साथ ही उन्हें समझाएं कि देश प्रेम की भावना और सकारात्मक सोच रखें। युवाओं के मन में योजना को लेकर यदि कोई भ्रम है तो वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। यदि किसी भी प्रकार की घटना सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एडीएम संतोष कुमार सिंह व एएसपी ओपी सिंह ने भी योजना को लेकर पूर्व सैनिकों को जानकारी दी।