शामली। मोबाइल फोन व्यापारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी के मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपी के बारे में सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी है।
शहर के मोहल्ला ब्राह्मणान निवासी सुमित बंसल व उसके भाई दीपक बंसल की फव्वारा चौक पर मोबाइल फोन की दुकान है। तीन दिन पहले सोमवार सुबह सुमित बंसल को दुकान खोलने पर चिट्ठी पड़ी मिली थी। चिट्ठी में 20 लाख रुपये की मांग करते हुए परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में रविवार देर रात में बाइक सवार युवक दुकान के शटर के नीचे से चिट्ठी डालते हुए नजर आ रहा है। फुटेज में वह मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए और बिना नंबर की बाइक दिखाई दे रही है।
पुलिस बाइक सवार युवक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस को अभी चिट्ठी डालने वाले के बारे में पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लगी है। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि इस मामले में पुलिस टीमें लगी हुई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।