यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन फिर स्थगित
शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मंगलवार से शुरू होने वाला मूल्यांकन कार्य फिर स्थगित हो गया है। शासन ने ऑरेंज और रेड जोन में शामिल जनपदों में मूल्यांकन कार्य अग्रिम आदेशों तक स्थगित किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि शासन ने मंगलवार से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू करने के निर्देश दिए थे। मूल्यांकन केंद्र आरके इंटर कालेज शामली में सोमवार को दिनभर सफाई का कार्य चला। कमरों में पंखे, लाइट और सीसीटीवी कैमरों आदि की जांच की गई और जहां कमियां थी उनकी मरम्मत कर ठीक कराकर तैयारी पूरी कर ली गई थी।
उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को शासन से रेड और ऑरेज जोन में शामिल जनपदों में मूल्यांकन कार्य स्थगित करने के निर्देश दिए गए। डीआईओएस ने बताया कि शामली जनपद ऑरेंज जोन में होने के कारण मंगलवार को मूल्यांकन कार्य शुरू नहीं होगा। मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि मूल्यांकन कार्य स्थगित होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर इंटर की 48243 और हाईस्कूल की 73372 उत्तर पुस्तिकाएं पहुंची थी। 15 मार्च से 18 मार्च तक करीब 14 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का ही मूल्यांकन हो पाया था।