फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: गर्मी में बिजली ने दिखाए नखरे, पेयजल के लिए भी तरसे

Tue, 21 May 2024 04:13 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
शामली। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली ने भी नखरे दिखाने शुरू कर दिए है। बिजली कटौती, कट और लो वोल्टेज से शहर की पेयजल आपूर्ति भी चरमरा गई है। सोमवार को लोग पानी के लिए तरस गए। शहर में पांच घंटे आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन

जिले में पारा 43 पर पहुंचने के बाद भीषण गर्मी से लोग जूझ रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली और पानी दोनों की आपूर्ति बाधित हो रही है। नगरपालिका के शहर में 43 नलकूप और तीन ओवरहैड टैंक है। दो ओवर हैड टैंक पर जेनरेटर है जबकि बाकी सभी नलकूप बिजली से ही चलते हैं। सोमवार को दिनभर बिजली की बार-बार ट्रिपिंग होती रही। कटौती के साथ लगातार कट लगने से शहर की जलापूर्ति भी बाधित हो गई। लोग गर्मी व पेयजल की समस्या से दिनभर जूझते रहे। लोगों को इधर-उधर से हैंडपंपों से पानी की पूर्ति करनी पड़ी।
गर्मी के मौसम में पानी की खपत करीब दस हजार किलोलीटर ज्यादा बढ़ गई है। पहले लगभग 20 हजार किलोलीटर पानी की खपत थी। अब लगभग 30 हजार किलोलीटर पानी सप्लाई हो रहा है। नगरपालिका के सहायक अभियंता (जल) विशाल तोमर ने बताया पालिका के नलकूप बिजली आने पर ही चलते हैं। गर्मी के मौसम को देखते हुए दिन में नलकूप बंद नहीं किए जाते। जितनी बिजली आती है, उतने ही समय नलकूप चल रहे हैं। रात में पहले 10 बजे नलकूप बंद होते थे और सुबह पांच बजे चालू किए जाते थे लेकिन अब गर्मी के मौसम में रात को 12 बजे बंद होते हैं और सुबह चार बजे चालू कर दिए जाते हैं ताकि लोगों को पानी की कोई समस्या न बन सके। दोपहर के समय फाल्ट के कारण फव्वारा चौक ओर अन्य स्थानों की करीब पांच घंटे आपूर्ति बाधित रही।
विज्ञापन

विद्युत निगम के अवर अभियंता अनिल पटेल का कहना है कि लाइनों में मरम्मत कार्य करने के लिए थोड़ी देर के लिए विद्युत आपूर्ति बंद की गई थी। अगर कहीं पर फाल्ट होता है तो शटडाउन लिया जाता है। शहर में बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है।
गुजरातियान में नलकूप से आ रहा गंदा पानी
शामली। शहर के मोहल्ला गुजरातियान में नगरपालिका का नलकूप खराब होने के कारण उससे रेतीला पानी आ रहा है। वार्ड सभासद निशिकांत संगल ने बताया कि नलकूप से पानी कम सप्लाई हो रहा है। अगर ज्यादा पानी निकाला जाता है तो रेत आना शुरू हो जाता है। इससे नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पालिका के सहायक अभियंता विशाल तोमर का कहना है कि गुजरातियान मोहल्ले में स्थित नलकूप से क्षमता से कम पानी सप्लाई किया जा रहा है। अगर उसकी क्षमता के अनुसार चलाया जाता है तो रेत आने की समस्या बनती है। आसपास के नलकूप से भी गुजरातियान क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की जा रही है।
बोले नागरिक:
मोहल्ला विवेक विहार निवासी अंकुर पंवार ने बताया कि बिजली की दिन में आवाजाही बनी रहती है। जिससे गर्मी में परेशानी होती है। पानी की भी समस्या होती है।
मोहल्ला मंडी मार्शगंज निवासी बीना मित्तल ने बताया गर्मी में बिजली की कटौती हो रही है। रात हो या दिन कब बिजली आ जाए और कब चली जाए कुछ पता नहीं है। बिजली के बिना परेशानी हो रही है।
देवांश शर्मा का कहना है कि दिन में कई बार बिजली की ट्रिपिंग हो रही है। गर्मी के मौसम में परेशानी होती है। बिजली बाधित होने से पानी की आपूर्ति की भी समस्या होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें