झिंझाना। गांव नौनांगली में विकास न होने से नाराज ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर दिया था, अब चेतावनी दी है कि बिजली बिल, पानी की आबपाशी सहित किसी भी प्रकार का सरकारी भुगतान नहीं करेंगे और न ही किसी योजना के लिए सरकार का सहयोग करेंगे।
शुक्रवार को नौनांगली के ग्रामीणों ने शिव मंदिर प्रांगण में सर्व समाज की पंचायत बुलाई, जिसमें लोगों ने कहा कि सिंभालखा, गढ़ीपुख्ता व ढिंढाली का गत 20 वर्षो से जीर्णोद्धार नहीं हुआ। गांव से निकलने वाले रजवाहे में करीब 25 वर्षों से पानी नहीं आया। इसके अलावा गांव में बिजली नहीं होने के बावजूद विद्युत बिल आ रहे हैं। वहीं, विधवाओं की पेंशन और काफी लोगों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं, जिससे काफी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत बिलों का भुगतान नहीं करेंगे तथा पानी की आबपाशी नहीं देंगे। जब तक गांव की सड़कें बिजली, वृद्ध और विधवा पेंशन नहीं बनेगी, तब तक गांव में अधिकारियों-कर्मचारियों नहीं घुसने देंगे।
पंचायत में सुरेंद्र सिंह, बबली, रामहेर, दीपक, लोकेश, डब्बू, प्रमोद, देशू, राजपाल, भोपाल, राजवीर, रामवीर, राजकुमार, मोनू, छोटू, धर्मेंद्र दहिया, सतेंद्र, महक सिंह, राहुल, रोशन आदि रहे।