शामली। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने की दृष्टि से अति संवेदनशील बूथ, मतदान के दौरान भय उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया जाए। एडीएम ने निर्देश दिया कि ऐसे लोगों के खिलाफ चुनाव से पूर्व ही निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की कार्यशाला हुई। उसमें एडीएम भरतजी पांडेय ने कहा कि मतदान के दौरान ऐसे मतदाताओं का बूथवार चिन्हीकरण कर लें, जो मतदान के दौरान व्यवधान पैदा कर सकते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित करके उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
ऐसे लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट एवं मुचलका पाबंद कार्रवाई के साथ ही यदि उनके पास शस्त्र लाइसेंस हैं, तो शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई कराई जाए। बैठक में एएसपी अनिल कुमार झा, एसडीएम सदर एमपी सिंह, एसडीएम ऊन विजय कुमार तिवारी, एसडीएम कैराना भानुप्रताप यादव, सीओ सिटी उपेंद्र कुमार यादव, सीओ झिंझाना, सीओ कैराना सहित नोडल ऑफिसर, सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि मौजूद रहे।
चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करें : एसपी
शामली। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग की तरफ से आने वाले निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। जो भी व्यक्ति आचार संहिता का उल्लंघन करे, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि निरोधात्मक कार्रवाई के लिए पुलिस पूरी तैयारी कर लें। इसके साथ ही उन्होंने अपराध पर अंकुश लगाने, लंबित विवेचनाओं का तीव्रता से निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा, सीओ सिटी उपेंद्र कुमार यादव, सीओ थानाभवन आनंद कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
47 हजार मतदाता पहली बार करेंगे वोटिंग
शामली। इस बार जिले के 47 हजार 403 नए मतदाता विधान सभा चुनाव में पहली बार मतदान करेंगे। सबसे ज्यादा 19 हजार 177 नए मतदाता कैराना विधानसभा में बनाए गए हैं।मतदाता पुनरीक्षण अभियान में 47 हजार 403 नए मतदाता बनाए गए हैं। कैराना विधानसभा क्षेत्र से 19,177, थानाभवन विधानसभा में 13,733, शामली विधानसभा से 14,493 नए मतदाता बनाए गए हैं। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रारूप सात के रूप में 24761 प्राप्त हुए। जिनमें कैराना विधानसभा में 8047, थानाभवन विधानसभा में 8531, शामली विधानसभा के 8183 मतदाता शामिल हैं। शुद्धिकरण के रूप में प्रारूप आठ में 3830 में से कैराना विधानसभा के 1331, थानाभवन विधानसभा के 1176, शामली विधान सभा में 1343 शामिल हैं।