शामली रेलवे स्टेशन पर खड़ीं ट्रेनें।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। हिंड-नानौता के बीच रेलवे फाटकों पर अंडरपास का निर्माण कार्य चलने से आठ घंटे का मेगा रेलवे ब्लॉक लिए जाने से दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। जिसके चलते हरिद्वार से शामली होकर दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को स्थगित कर दिया गया। जबकि दो पैसेंजर ट्रेनों को शामली रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
रविवार को दिल्ली-शामली, सहारनपुर मार्ग पर हिंड- थानाभवन रेलवे फाटक 99, थानाभवन और नानौता के बीच रेलवे फाटक 115 पर अंडरपास का निर्माण हुआ। जिसके लिए सुबह आठ बजे से लेकर 3:45 बजे तक दिल्ली से शामली होकर सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को सुबह नौ बजे, दिल्ली से शामली होकर सहारनपुर जाने वाली 10:50 बजे वाली पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया गया। हरिद्वार से शामली होकर दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को स्थगित करना पड़ा। दिल्ली से शामली होकर हरिद्वार जाने वाली ट्रेन का दो घंटे विलंब से चलाना पड़ा। मेगा रेलवे ब्लॉक लिए जाने के बाद ट्रेनों का आवागमन ठप रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को प्राइवेट वाहनों से गंतव्य तक जाना पड़ा।
उत्तर रेलवे के सेक्शन इंजीनियर मनोज यादव ने बताया कि आठ घंटे का मेगा ब्लॉक लिया गया था, जो सुबह 7:50 बजे से शुरू होकर अपराह्न 3:45 बजे तक चला। शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि मेगा ब्लॉक लिए जाने से दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली दो पैसेंजर ट्रेनों को शामली से सहारनपुर तक स्थगित करना पड़ा। ब्लॉक खत्म होने के बाद लाल पैसेंजर ट्रेन को शामली-दिल्ली के लिए और दूसरी पैसेंजर ट्रेन का शामली से सहारनपुर के लिए संचालन किया गया।