शामली। ईद उल अजहा के पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराये जाने के लिए एडीएम ने कैराना रोड स्थित ईदगाह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी ली। एडीएम ने पुलिस को ईदगाह के बाहर होने वाले अतिक्रमण को हटाए जाने और नगरपालिका को साफ सफाई कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
12 अगस्त को ईद उल अजहा के पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने के लिए पुलिस-प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, एसडीएम सदर सुरजीत कुमार और सीओ सिटी विनय गौतम कैराना रोड स्थित ईदगाह पहुंचे। ईद पर एडीएम ने ईदगाह में होने वाली नमाज को लेकर की जा रही तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीएम ने ईदगाह परिसर में फैली गंदगी और घास फूस की साफ-सफाई कराए जाने के निर्देश दिए। कहा कि सफाई के साथ बिजली, पानी तथा लाइट की उचित व्यवस्था की जाए। इस दौरान लोगों ने एडीएम से ईदगाह के बाहर अतिक्रमण हटवाने की मांग की।