शामली में हनुमान धाम पर तैयार रावण , मेघनाथ व कुंभर्कण के पुतले । संवाद
शामली। जिले में दशहरा पर्व दो अक्तूबर को मनाया जाएगा। पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। जिले को चार जोन व 10 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया है। यहां 13 स्थानों पर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। बम डिस्पोजल स्कवायड टीम ने रामलीला स्थलों पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
विजय दशमी दशहरा के पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिले में 900 से ज्यादा पुलिस और डेढ़ सेक्शन पीएसी बल तैनात रहेगा। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शामली में एक स्थान पर, कैराना क्षेत्र में दो, कांधला में एक, झिंझाना में तीन, थानाभन में तीन, बाबरी में दो व गढ़ीपुख्ता में एक स्थान पर पुतलों का दहन किया जाएगा। इन सभी स्थानों पर आग से बचाव के लिए दमकल की गाड़ियां मौजूद रहेंगी। आग बुझाने के लिए निजी दमकल की गाड़ी भी लगाई गई है। पुतलों के दहन स्थल की बेरिकेडिंग कराई जा रही है और वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
पुतले जहां तैयार किए जा रहे हैं, वहां पर पुलिस की ड्यूटी लगाई जा रही है। वे इस बात की निगरानी रखेंगे कि पुतलों में कोई विस्फोटक सामग्री न लगाई जाए। पुतले की ऊंचाई भी ज्यादा न रहे, इसका भी ध्यान रखा गया है। मुख्य मार्गाें से हटकर पुतलों का दहन कराया जाएगा। दशहरा पर्व को लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि ड्यूटी में लापरवाही न बरतें और सतर्क रहें। साथ ही चेतावनी दी कि अगर किसी ने शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।