जलालाबाद। थानाभवन में चल रही रामलीला देखने के बाद घर लौट रहे उमरपुर के किसान रोहित की बाइक में दिल्ली–यमुनोत्री हाईवे पर डीसीएम ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार रात्रि करीब 11 बजे पेट्रोल पंप के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार रोहित (30 वर्ष) गांव उमरपुर का निवासी था। वह रामलीला देखने के बाद अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान सामने से गलत दिशा से आ रहे डीसीएम वाहन से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायल रोहित को मौके पर डीसीएम चालक ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक के चचेरे भाई सोनू ने बताया कि घायल की हालत गंभीर देख उसे पहले शामली और फिर मेरठ के अस्पताल में रेफर किया गया लेकिन मेरठ हॉस्पिटल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोहित की शादी छह वर्ष पूर्व हुई थी और उसका एक चार वर्षीय बेटा है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। कुछ समय पूर्व ही उसके पिता का निधन हो चुका था। गांव में मौत की खबर फैलते ही शोक की लहर फैल गई। परिजनों ने गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया।