थानाभवन नगर पंचायत कार्यालय में सभासदो की बैठक लेते चेयरमैन
- फोटो : SHAMLI
थानाभवन। कूड़े की समस्या से जूझ रहे कस्बे थानाभवन में जल्द ही कूड़ा निस्तारण के लिए डंपिंग जोन तैयार किया जाएगा। शनिवार को नगर पंचायत में आयोजित बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। इसके अलावा भी बैठक में कई प्रस्ताव पास हुए।
शनिवार को नगर पंचायत कार्यालय में अधिशासी अधिकारी मेघा गुप्ता के नेतृत्व में बोर्ड बैठक हुई। सभासदों ने कस्बे में कूड़ा निस्तारण ना होने का मसला उठाया। कहा कि कूड़े को डालने का कोई स्थान तय नहीं है। खाली जगह में इधर उधर कूड़ा डालने से लोगों को समस्या होती है। निर्णय लिया गया कि कस्बे में डंपिंग जोन बनाया जाएगा। कूड़ा डालने की एक जगह तय की जाएगी और पूरे कस्बे का कूड़ा वहीं डलेगा। कुछ सभासदों का कहना था कि कस्बे के चौक बाजार स्थित कुछ दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के आगे टीनशेड के जरिए अपनी दुकानों से कई-कई फुट सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। इस पर बैठक में फैसला हुआ कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनसे सर्किल रेट के हिसाब से टैक्स वसूली होगी। उन्होंने अपनी दुकान से आगे जितनी भी सरकारी जमीन पर टीन शेड लगाया है। उतनी जगह के हिसाब से सर्किल रेट की दर से उनसे टैक्स वसूली होगी।
बैठक में टंकी चौक और गगन रोड स्थित नगर पंचायत की दो-दो दुकानों के आवंटन का प्रस्ताव पास किया गया, निर्णय लिया कि निलामी से इन दुकानों का आवंटन किया जाएगा। कुछ सभासदों ने शिकायत की कि कस्बे की अधिकांश लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे कस्बे के मुख्य मार्गों पर भी रात के समय अंधेरा रहता है। अधिकारियों ने शीघ्र सभी लाइटों को ठीक कराने का आश्वासन दिया। सभासद नीरज गोयल ने कहा कि अस्पताल कॉलोनी में एक दो लोगों ने अवैध रूप से सरकारी संपत्ति पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत कराए हैं। ईओ ने उक्त मकानों की जांच कर कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। अंत में बोर्ड बैठक में बूढ़ाबाबू तालाब पर कैंटीन बनाए जाने का प्रस्ताव पास हुआ। बैठक में चेयरपर्सन रफत प्रवीन सहित सभी सभासद मौजूद रहे।
पेयजल और लाइटों की शिकायत की
शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता अनमोल गर्ग ने अधिशासी अधिकारी को शिकायत करते हुए बताया कि कस्बे के कई सार्वजनिक स्थानों पर पानी की व्यवस्था नहीं है। कई जगहों पर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, साथ ही सड़कों की हालत भी ठीक नहीं है। इन समस्याओं के कारण कस्बे के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर ईओ मेघा गुप्ता उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।