कांधला। कस्बे के मोहल्ला खैल में तीन दिन से पेयजल की किल्लत से नागरिक परेशान हैं। मोहल्ले की हजारों की आबादी इससे प्रभावित है। लोग हैंडपंपों से पानी भरकर ला रहे हैं। कार्रवाई न होती देख मोहल्ले के लोगों ने खाली बाल्टियाें लेकर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नगर पालिका के मौहल्ला खैल के वार्ड आठ व 15 में पेयजल आपूर्ति तीन दिन से ठप है। नलकूप की मोटर खराब होने से यह समस्या बनी है। नागरिकों की शिकायत के बाद भी पालिका प्रशासन अभी मोटर को ठीक नहीं करा सकी है। पानी की आपूर्ति ठप होने से नाराज नागरिक बाल्टियां लेकर घरों से निकले और सड़क पर प्रदर्शन किया। लोगों ने पालिका व जलकल विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
नागरिकों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बाद विभाग के अफसर चुप्पी साधे बैठे हैं और किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। मोहल्ले के कालू, रहबर, सोनू, दिनेश, सहजाद, आदि ने बताया कि उनके घरों में पानी नहीं आ रहा। कई बार तो दूसरे मोहल्लों से पानी भरकर लाना पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लोगों ने शीघ्र ही जल आपूर्ति की व्यवस्था को ठीक करने की मांग की है।
नगर पालिकाध्यक्ष नजमुल इस्लाम का कहना है कि नलकूप में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिससे मोटर जल गई थी। नई मोटर लगाई जा रही है और रात तक यह काम पूरा होने पर पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। नगर पालिका के पानी के टैंकर सुबह शाम मोहल्ले में पानी की आपूर्ति कराई जा रही है।