शामली। किसान क्लब बनत ने कस्बे में तीन दिवसीय उस्ताद जिलेदीन मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन कराया। जिसमें अलग अलग राज्यों की टीमों ने प्रतिभाग करते हुए अपना दम दिखाया।
शनिवार को कस्बा बनत में वॉलीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन ओएनजीसी देहरादून, रेलवे गोरखपुर, पिंक पैंथर जयपुर, दबंग दिल्ली, कुरुक्षेत्र, एसिक दिल्ली, यंग क्लब पुरमाफी, किसान क्लब बनत आदि टीमों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य अतिथि ईश्वर पाल सिंह व नेपाल सिंह रहे। उन्होंने टीमों के खिलाड़ियों से परिचय करते हुए मेहनत से खेलने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का पहला मैच ओएनजीसी देहरादून व पिंक पैंथर जयपुर के बीच हुआ। जिसमें ओएनजीसी देहरादून ने जयपुर को 25-13, 25-21 और 25-21 से पराजित किया।
प्रतियोगिता का दूसरा मैच रेलवे गोरखपुर और एसिक दिल्ली के बीच जारी रहा। प्रतियोगिता में इस दौरान कड़े से कड़े मुकाबले देखने को मिले। संस्था के सदस्य विनोद राणा ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला और समापन आज होगा।
प्रतियोगिता में पहुंचे अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मिथलेश सिंह और योगराज सिंह को सम्मानित किया। इस मौके पर अलाउद्दीन, इसरत अली, मनोज कुमार सिंह, राजबीर सिंह, शकील, यूनुस आदि मौजूद रहे।