शामली। मुख्य विकास अधिकारी यशु रूस्तगी ने पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान के दौरान किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मतदान में लगने वाले कर्मियों की जिम्मेदारी है कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन, पोस्टर बैलेट पेपर सहित अन्य सामग्री की ठीक ढंग से जांच कर ही मतदान केंद्र के लिए रवाना हों।
शनिवार को शामली के वीवी इंटर कॉलेज में पीठासीन अधिकारियों की मीटिंग में मुख्य विकास अधिकारी यशु रुस्तगी ने मतदान और मतगणना के संबंध में केंद्रीय चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अपने मतदेय स्थल से संबंधित आवश्यक स्टेशनरी लेकर पेपर सील की क्रम संख्या, उसका नंबर नोट कर लें। मतदाता सूची अच्छी तरह से जांच लें और पूरक प्रतियां भी प्राप्त कर लें।
कहा कि मतदेय स्थल पर पहुंचकर सुनिश्चित कर लें कि पुरुष एवं महिला मतदाताओं के लिए अलग-अलग लाइनों की व्यवस्था है या नहीं। मतदाताओं के आने और जाने के लिए भी अलग-अलग रास्ता होना चाहिए। मतदान कक्ष में पर्याप्त प्रकाश रहे। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए पोस्टल बैलेट फेसिलीटेशन सेंटर वीवी इंटर कॉलेज में लगाए गए हैं। विधानसभावार मतदान ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पोस्टल बैलेट प्राप्त करने के लिए ड्यूटी पत्र के साथ संलग्न प्रारूप-12 लेकर तीन फरवरी तक जमा कराएं।