डीएम ने छह घंटे तक मिल अफसरों को कलक्ट्रेट में बैठाया
शामली। जिले की चीनी मिलों द्वारा किसानों का संपूर्ण बकाया गन्ना भुगतान 15 जनवरी 2022 तक दिए जाने की बात पर डीएम जसजीत कौर नाराज हो र्गइं । उन्होंने जिले की सभी चीनी मिल के अधिकारियों को कलक्ट्रेट में साढे़ छह घंटे तक बैठाए रखा। नया पेराई सत्र प्रारंभ होने से पहले बकाया भुगतान करने के आश्वासन पर डीएम ने उन्हें जाने दिया।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम जसजीत कौर ने चीनी मिल के अधिकारियों और गन्ना विभाग के अफसरों की बैठक बुलाकर बकाया गन्ना भुगतान की समीक्षा की। डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि जिले की चीनी मिलों ने 3 करोड़ 55 लाख 14 हजार क्विंटल गन्ने की खरीद की थी। सभी चीनी मिलों ने किसानों से 1142 करोड़ 96 लाख रुपये के कुल भुगतान में अभी तक मात्र 583 करोड़ तीन लाख रुपये का कुल भुगतान किया है। जो कुल बकाया का 51 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि शामली चीनी मिल ने 193 करोड़ 65 लाख रुपये, ऊन मिल ने 206 करोड 89 लाख रुपये, थानाभवन चीनी मिल ने 182 करोड़ 50 लाख रुपये का कुल भुगतान किया है।
पेराई सत्र खत्म होने के साढ़े तीन माह बाद भी चीनी मिलों पर 559 करोड़ 93 लाख रुपये बकाया है, जिनमें शामली मिल पर 172 करोड 81 लाख रुपये, ऊन मिल पर 130 करोड 22 लाख रुपये, थानाभवन मिल पर 256 करोड़ 90 लाख रुपये बकाया है। डीएम जसजीत कौर ने जिले की चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान करने का शेड्यूल देने के लिए कहा। इस पर थानाभवन मिल के यूनिट हेड वीरपाल सिंह ने 15 जनवरी, ऊन मिल के गन्ना महाप्रबंधक अनिल अहलावत ने 15 दिसंबर और शामली मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप सिंह पिलानिया ने 31 दिसंबर तक संपूर्ण गन्ना भुगतान किसानों को कराए जाने का शेड्यूल दिया, जिस पर डीएम भड़क गई। उन्होंने कहा कि चीनी मिलो का शेड्यूल स्वीकार नहीं किया जाएगा। नए पेराई सत्र शुरू करने से पहले चीनी मिलों को किसानों को संपूर्ण गन्ना भुगतान करना होगा। डीएम के निर्देश पर चीनी मिलों के अफसरों को शाम साढ़े छह बजे तक बैठाए रखा। आखिर में डीएम जसजीत कौर ने शाम साढे़ छह बजे चीनी मिलों के अफसरों को किसानों का संपूर्ण बकाया गन्ना भुगतान नए पेराई सत्र से पूर्व कराए जाने की शर्त पर कलक्ट्रेट सभा कक्ष से जाने से दिया। बैठक में भाकियू नेता कुलदीप पंवार, कपिल खाटियान, योगेंद्र कुमार, संजीव राठी, देशपाल आदि किसान नेता, बिजली के अफसर, जिले के गन्ना विभाग के जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह, शामली मिल से गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया, ऊन मिल के गन्ना महाप्रबंधक अनिल अहलावत, थानाभवन मिल के यूनिट हेड वीरपाल सिंह, गन्ना महाप्रबंधक जेबी तोमर, बिजली विभाग के सभी के अधिशासी अभियंता आदि अफसर मौजूद रहे।