शामली। लोहिया गांव खंदरावली में बुधवार शाम डीएम ने चौपाल लगाई। इस दौरान डीएम ने पानी की टंकी और जरूरतमंदों को 13 आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
डीएम ओपी वर्मा अपने शीतकालीन भ्रमण के दौरान कांधला ब्लाक के लोहिया गांव खंदरावली के ग्राम पंचायत सचिवालय के प्रांगण में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने 77 खराब सोलर लाइटों को ठीक कराने की मांग की। खंदरावली के ग्राम प्रधान सोमपाल ने गांव में पानी की टंकी निर्माण कराने और आवासहीनों को लोहिया आवास बनवाने की मांग की। जिस पर डीएम ने पानी की टंकी हेतु जगह उपलब्ध कराने पर जल निगम को प्रस्ताव कराने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम प्रधान सोमपाल ने पानी की टंकी के लिए 900 मीटर भूमि दिए जाने का आश्वासन दिया। डीएम ने तहसीलदार कैराना को पानी की टंकी के लिए भूमि का चयन करके जगह आरक्षित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उषा, आसमां, विमला, सावत्री, सीमा, बबीता, मोमिना, सुमेश, सुनीता, कविता और रेहाना को लोहिया योजना में पात्रता निर्धारित करते हुए आवास दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
गांव में विद्युतीकरण, पेंशन, रास्तों में कब्जा आदि की समस्याएं रखी गईं। जिन्हें अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। लक्ष्मी पत्नी प्रताप सिंह ने बच्चों के साथ मारपीट और उसकी जगह पर कब्जे किए जाने की समस्या बताई। चौपाल में अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों के लागू करने में कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए।
सीडीओ वीके सिंह ने लोहिया गांव खंदरावली में ग्रामवासियों से गांव में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी। तहसीलदार अभय राज पांडे, जिला समाज कल्याण अधिकारी अश्वनी कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजदेव सिंह, उप निदेशक कृृषि डॉ. हरेंद्र उपाध्याय, अधिशासी अभियंता जल निगम देवेंद्र सिंह, डीपीआरओ नरेंद्र बहादुर सिंह, कांधला बीडीओ मौजूद रहे।