डीएम ने किसानों केे अंश प्रमाण पत्रों का किया वितरण
संवाद न्यूज एजेंसी-
शामली। विकास भवन में डीएम जसजीत कौर ने जिले की गन्ना समितियों के 100 किसानों को अंश प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की मेहनत से गन्ना उपज में शामली जिला प्रदेश भर में लगातार चौथे साल प्रथम स्थान पर रहा है। डीएम ने गन्ना किसानों को बधाई देते हुए कि गन्ने की मिठास को बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
सोमवार को नवीन विकास भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीसीओ विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शामली जिले से 10 किसानों को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आादित्यनाथ द्वारा अंश प्रमाण पत्र दिए गए हैं। जिला मुख्यालय पर 100 किसानों को अंश प्रमाण-पत्र वितरण किए गए। उन्होंने किसानों को समिति शेयर के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि गन्ना विभाग द्वारा प्रथम बार गन्ना समिति सदस्यों को एक वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों को समिति द्वारा उपलब्ध कराए गए कृषि निवेशों में कृषक द्वारा समिति में जमा अंश का बड़ा महत्व है। समिति की सदस्यता के लिए न्यूनतम अंश की धनराशि 200 रुपये है।
उन्होंने बताया कि जिले की तीनों सहकारी गन्ना विकास समिति शामली, ऊन एवं थानाभवन में एक लाख 17 हजार 255 कृषक पंजीकृत हैं। जिनकी कुल अंश की धनराशि 346 लाख रुपये है।