शामली में सुबह के समय छाई धुंध। संवाद
शामली। दिवाली के दो दिन बाद जिले की वायु गुणवत्ता सूचकांक में कमी आई हैं, हालांकि हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब की श्रेणी में है। पिछले 24 घंटे में एक्यूआई 282 से कम होकर 225 पर पहुंच गया। चिकित्सकों का कहना है कि वायु प्रदूषण से बचाव के लिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। उधर, अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहा।
दिवाली से अगले दिन सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़कर 282 पहुंच गया था। मंगलवार को एक्यूआई कम होकर 225 पर पहुंच गया लेकिन अभी भी यह खराब की श्रेणी में होने के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मंगलवार को सुबह के समय धुंध छाई रही। जिला अस्पताल के जनरल सर्जन डॉ. समद अली ने बताया कि वायु प्रदूषण से हृदय, सांस व अस्थमा के मरीजों के अलावा बच्चों और बुजुर्गों को भी बचाव करना चाहिए। सुबह व शाम के समय घर के अंदर रहे। दिन में घर से बाहर निकलते समय फेस मास्क या रूमाल लगाना चाहिए।
आठ बजे धुंध छंटने के बाद धूप निकली। दिन में मौसम साफ रहा। इसके चलते अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव न होकर 14 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि बुधवार को मौसम साफ रहने और धूप निकलने के आसार है।
एक्यूआई के मानक
0–50 : अच्छा
51–100 : संतोषजनक
101–200 : मध्यम
201–300 : खराब
301–400 : बहुत खराब
401–500 : गंभीर