शासन ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी में प्रोन्नति देकर बनाया कनिष्ठ लिपिक
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शासन ने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी में प्रोन्नति देकर उनका समायोजन किया है। इस समायोजन में जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली को दो कनिष्ठ लिपिक मिले हैं। ये दोनाें वर्तमान में मुख्य चिकित्साधिकारी बागपत के यहां कार्यरत थे।
प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 124 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी में प्रोन्नति देकर उन्हें कनिष्ठ लिपिक पद पर नियुक्त किया है। तृतीय श्रेणी में प्रोन्नति देते हुए उनका समायोजन भी किया गया है। शासन से जारी हुई समायोजन सूची में जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली को दो कनिष्ठ लिपिक पंकज कुमार और मोहम्मद नाजिम की नियुक्ति हुई है। वर्तमान में ये दोनों मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय बागपत में नियुक्त थे। अभी तक शासन स्तर से किसी की नियुक्ति न होने से लिपिक के पद रिक्त चल रहे थे। वर्तमान में जिला संयुक्त चिकित्सालय में मुजफ्फरनगर से संबद्ध किए गए वरिष्ठ लिपिक सुरेश कुमार कार्य संभाल रहे हैं। इन्हें करीब आठ माह पहले शामली संबद्ध किया गया था। जिला संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि शासन से जारी समायोजन सूची में दो कनिष्ठ लिपिक की नियुक्ति हुई है। अभी किसी ने ज्वाइन नहीं किया है।