जिला अस्पताल में मरीजों की लगी भीड़ । संवाद
शामली। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को खुले जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 1200 से ज्यादा मरीज पहुंचे। महिला चिकित्सक न होने से महिला मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को ईद-उल अजहा पर जिला अस्पताल में ओपीडी 11 बजे तक खुली थी। छुट्टी होने के कारण 108 मरीज पहुंचे थे। रविवार को साप्ताहिक छुट्टी थी। सोमवार को अस्पताल खुलने पर सुबह से ही मरीजों की भीड़ लग गई थी। ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइन लगी रही, जिस कारण उन्हें इलाज के लिए आधे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में कोई महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थीं, जिस कारण महिलाओं को इलाज के लिए भटकना पड़ा।
सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि डॉ. द्रक्षिरा करीब डेढ़ महीने से चिकित्सीय अवकाश पर गईं हैं। डॉ. आफिया 15 दिन के चिकित्सीय अवकाश पर हैं और डॉ. सानिया अवकाश पर रहीं। इसके अलावा त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मवीर सरकारी कार्य से गए थे। अन्य सभी चिकित्सक ओपीडी में रहे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में 965 नए मरीज पहुंचे जबकि 250 के लगभग पुराने पर्चे पर मरीज इलाज कराने आए। सभी मरीजों की जांच कर दवा दी गई हैं।