कांधला। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिजिटल एक्स-रे मशीन शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अब तक इस सुविधा के अभाव में मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए निजी केंद्रों या जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नई डिजिटल एक्स-रे मशीन से मरीजों को मात्र दो मिनट के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा रही है। इस अत्याधुनिक तकनीक से जांच प्रक्रिया तेज और सटीक हो गई है, जिससे समय पर उपचार संभव हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले फ्रैक्चर या अंदरूनी चोटों की जांच के लिए मरीजों को काफी परेशान होना पड़ता था। डिजिटल तकनीक से रिपोर्ट की गुणवत्ता भी बेहतर हुई है।