शामली। कस्बा बनत में शरारती तत्व ने माहौल बिगाड़ने की साजिश की। मुख्य मार्ग पर पितृ देवों के स्थान पर तोड़फोड़ की गई, जिससे आक्रोशित लोगों ने हंगामा कर दिया। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
मुजफ्फरनगर रोड पर कस्बा बनत में पितृ देवों का स्थान है। बुधवार देर रात एक युवक वहां पहुंचा और देवताओं के स्थान पर तोड़फोड़ करने लगा। शोर सुनकर पास के मकान में रहने वाली महिला तथा उसके परिजन जाग गए। शोर शराबा होने पर भीड़ इकट्ठा हुई और युवक को पकड़ लिया। इसी दौरान सूचना पर आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
आरोपी युवक राजकुमार निवासी ग्राम बधेव को गिरफ्तार कर थाने ले गई। उधर, बृहस्पतिवार सुबह भी लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पहले बनत फिर आदर्श मंडी थाने पहुंचकर हंगामा किया। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष ने लोगों को समझाया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
कांवड़ यात्रा के दौरान भी हुई थी तोड़फोड़
बनत के मुन्नू सभासद, बसपा नेता विक्रांत बर्मन, राजेंद्र, विकास और अन्य लोगों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान भी देवों के स्थान पर तोड़फोड़ की गई थी। शरारती तत्व बार-बार इस तरह की हरकत करके कस्बे का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।