थानाभवन। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने रविवार को अपने कैंप कार्यालय पर लोगों की जन समस्याएं सुनीं। कहा कि भाजपा का सिर्फ एक ही लक्ष्य है, समाज के सभी वर्ग के लोगों का विकास। सरकार ने जनता के कल्याण के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया है।
रविवार को गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कस्बे पहुंचने पर नौ बजे ही अपने कैंप कार्यालय पर जन शिकायतें सुननी शुरू कर दी थी। इस दौरान क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी, नौजल, कादरगढ़, अम्बेहटा, लतीफगढ़, तितारसी, हरड़ फतेहपुर आदि गांवों के लोग पहुंचे और गन्ना मंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखी। मंत्री ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। कुछ शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को फोन पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कुछ लोगों को शीघ्र उनकेे मामले निपटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों को संबोधित करते हुए गन्ना मंत्री ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा सरकार के काम पर न सिर्फ भरोसा जताया है, बल्कि इस बात को हर चुनाव में साबित किया है। सरकार जो काम करती है, उसका निर्णय जनता को लेना होता है। जनता आज खुश है, क्षेत्र से अपराध पर काफी लगाम लग चुकी है।