जिले में 13 और मरीजों में डेंगू की हुई पुष्टि
शामली। जिले में डेंगू बुखार का खतरा लगातार बढ़ रहा है। सैंपलों की एलाइवा जांच रिपोर्ट में 13 और मरीजों में डेंगू बुखार होने की पुष्टि हुई है। जिले में अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 61 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 94 सैंपल जांच के लिए मुजफ्फरनगर भेजे हैं। स्वास्थ्य टीम ने गांव हिरनवाड़ा में शिविर लगाकर मरीजों की जांच कर उपचार किया और गांव में एंटीलार्वा का छिड़काव कराया गया।
जिले में डेंगू बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भीड़ लगी है। वायरल, टायफाइड, मलेरिया और डेंगू बुखार के रोज केस सामने आ रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि एलाइवा जांच में बुखार के 13 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को डेंगू के लक्षण वाले 94 और मरीजों के सैंपल एलाइवा जांच के लिए मुजफ्फरनगर भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले जिले में डेंगू के 48 केस मिले थे। अब जिले में डेंगू के केस बढ़कर 61 हो गए हैं। गांव हिरनवाड़ा में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें 115 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। शिविर में डेंगू के लक्षण वाले 22 मरीजों के सैंपल लिए गए और 21 मरीजों की रक्त पट्टिकाएं बनाई गई। गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया और ग्रामीणों को बुखार की रोकथाम और मच्छरों से बचाव के उपाय बताकर जागरूक किया गया।