शामली कलक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे किसान । संवाद
शामली। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम अरविंद कुमार चौहान को ज्ञापन सौंपा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के दिल्ली-शामली, सहारनपुर, मेरठ करनाल और पानीपत-खटीमा हाईवे और अंबाला-शामली व दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर में प्रभावित किसानों की मांगों को पूरा करने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने अवगत कराया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग 709बी व 709ए 709एडी व दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर एक्सप्रेस-वे में जिले के किसानों की भूमि अधिग्रहण की गई है, जिसमें किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों द्वारा सर्विस रोड की सूची प्रशासन को पूर्व में कई बार दी जा चुकी है, लेकिन किसानों की सर्विस रोड संबंधी समस्याओं का समाधान अभी तक नहीं किया गया है। पांचों भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के किसानों के आरबिट्रेशन की सुनवाई किए जाने और किसानों की समस्याओं का समाधान के लिए एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह को बुलाकर किसानों के साथ बैठक कराए जाने मांग की है।
किसानों की समस्याओं का समाधान न होने पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस अवसर पर किसान संघर्ष समिति के सचिव विदेश मलिक, चौधरी विजेंद्र सिंह, संजीव, सतेंद्र, विजयपाल, चंद्रशेखर आदि मौजूद रहे।