शामली क्षेत्र के गांव लिलौन में नवजात बच्ची के साथ महिला कमलेश
- फोटो : SHAMLI
शामली। जनपद में एक और महिला ने एंबुलेंस में नवजात बच्ची को जन्म दिया है। महिला को 102 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ है और अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव लिलौन निवासी कमलेश को शुक्रवार सुबह करीब दस बजे प्रसव पीड़ा हुई। पति गुलाब उर्फ गुल्लू ने 102 पर कॉल की। एंबुलेंस उनके घर पहुंची और महिला को लेकर सीएचसी शामली के लिए लेकर चल दी। जब वे शामली में बुढ़ाना रोड पर पहुंचे तो प्रसव पीड़ा तेज हो गई और एंबुलेंस में ही प्रसव हो गया। एंबुलेंस में मौजूद गांव की आशा रीना और ईएमटी जितेंद्र कुमार ने जच्चा और नवजात को संभाला। इसके बाद उन्हें सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी में दोनों की जांच की गई और उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने जच्चा और नवजात दोनों को स्वस्थ पाया गया। देर शाम को अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई है। चिकित्साधीक्षक डा. रमेशचंद्रा ने बताया कि जच्चा और नवजात बच्ची दोनों स्वस्थ्य है। इससे पहले करीब 15 दिन पहले गांव कसेरवा खुर्द निवासी महिला ने शहर में विजय चौक के निकट अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में बच्ची को जन्म दिया था। एक सप्ताह पहले कांधला क्षेत्र में गांव गंगेरू निवासी महिला ने अस्पताल लाते समय एंबुलेंस में बच्ची हुई थी। इसी दिन कांधला में सीएचसी के निकट कार से अस्पताल ले जाते समय महिला ने बच्ची को जन्म दिया था।