शामली। गांव कुडाना में एक किसान के चार गोवंशों की चारा खाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जबकि एक भैंसे व बछिया की हालत नाजुक बनी हुई है। किसान ने पशु चिकित्सा विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है।
गांव निवासी रामपाल सिंह पुत्र उमराव सिंह सोमवार को दोपहर अपने खेतों से चारा लेकर आया था। बताया जाता है कि चारा काटने के बाद उसने अपनी चार दुधारू गाय, एक बछिया व एक भैंसे को चारा डाला तो अचानक थोड़ी देर बाद ही सभी पशुओं की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। देखने ही देखते तीनों गाय और एक बछिया की मौके पर ही मौत हो गई। एक बछिया व भैंसे की हालत नाजुक बनी हुई थी। पशु चिकित्सकों ने जांच की और बताया कि यह मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। पीड़ित किसान ने पशु चिकित्सा विभाग से मामले में जांच कराए जाने की मांग की है। चार पशुओं की मौत से किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने पीड़ित को आर्थिक मदद की मांग की है।