Dead body of youth found in field
खेत में युवक का गोली लगा शव मिला
कांधला (शामली)। क्षेत्र के गांव नाला में खेत पर गए युवक का गोली लगा शव मिलने से परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस के मुताबिक शव के निकट तमंचा और जेब से तीन कारतूस मिले हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है। परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
कांधला थानाक्षेत्र के गांव नाला निवासी सर्वेंद्र (26) मंगलवार दोपहर किसी कार्य के लिए अपने परिजनों को खेत पर जाने की बात कहते हुए घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक शाम होने तक भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो परिवार के लोगों को उसकी चिंता सतानेे लगी। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ युवक की तलाश शुरू कर दी। युवक को तलाशते हुए परिजन खेत पर पहुंचे। वहां नलकूप के निकट युवक का शव खून से लथपथ मिला। युवक के सिर में गोली लगी हुई थी। परिजनों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की।
कांधला थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि युवक के सिर में गोली लगा खून शव नलकूप के समीप पड़ा हुआ था। शव के निकट ही एक तमंचा भी मिला और उसकी जेब से तीन कारतूस बरामद हुए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।