झिंझाना के खादर क्षेत्र में लहन को नष्ट करती आबकारी टीम
- फोटो : SHAMLI
शामली। आबकारी विभाग की टीम ने झिंझाना के खादर क्षेत्र के कई गांवों में अभियान चलाया। टीम ने करीब 435 लीटर कच्ची शराब बरामद की। मौके पर मिले करीब पांच हजार किलोग्राम लहन को नष्ट कर दिया।
जिला आबकारी अधिकारी हरिओम सिंह ने बताया कि डीएम अखिलेश सिंह के निर्देशन में बृहस्पतिवार सवेरे करीब चार बजे उनके नेतृत्व में टीम ने कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने गांव खानपुर कलां, खेड़ीजुनारदार, खानपुर जटान, खेड़ी खुशनाम, छोटा खानपुर, मस्तगढ़ और डेरा भगीरथ के जंगल में कच्ची शराब बनाने के स्थानों पर दबिश दी गई। टीम को देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लगभग 435 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। लगभग पांच हजार किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट किया गया। इस दौरान ड्रम, भट्ठी और शराब बनाने के उपकरण आदि बरामद हुए। मौके पर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 शामली दिनेश्वर नाथ त्रिपाठी, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 कैराना आनंदपाल और स्टाफ के लोग शामिल रहे।