शामली नवीन मंडी में जाम लगा कर धरने पर बैठे कोल्हू संचालक । संवाद
शामली। कोल्हू ठेकेदारों ने शामली मंडी में पहुंचकर कट्टा-बट्टा के नाम पर शोषण करने का आरोप लगाकर हंगामा करते हुए धरना दिया। कोल्हू ठेकेदार के हंगामे के चलते शामली मंडी में कोल्हू ठेकेदारों के ट्रैक्टर-ट्राॅलियों और बोगी की लंबी लाइन लग जाने से भैंसवाल रोड पर जाम की स्थिति बन गई। ढाई घंटे के हंगामे के बाद मंडी दुकानदारों और कोल्हू ठेकेदारों में आपस मेें समझौता ह़ुआ। समझौते के बाद मंडी आढ़तियों और व्यापारियों ने कोल्हू संचालकों का गुड़, खांडसारी का माल खरीदा गया।
सोमवार को सुबह नौ बजे शामली मंडी में कोल्हू ठेकेदार गुड़ खांडसारी का माल लेकर पहुंचे। कोल्हू ठेकेदारों ने मंडी के दुकानदारों-व्यापारियों पर कट्टा और बट्टा के नाम पर शोषण का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया और मंडी में धरने पर बैठ गए। हंगामे के दौरान कोल्हू संचालकों और दुकानदारों में आपसी कहासुनी और नोकझोंक हुई। मंडी व्यापारियों और आढ़तियों ने कोल्हू संचालकों के गुड़ खांडसारी के माल खरीदने से इंकार कर दिया।
माल न खरीदने से कोल्हू संचालकों और ठेकेदारों के बोगी और ट्रैक्टर-ट्राॅलियो की शामली मंडी में लंबी लाइन लग गई। हालात यह बन गए कि ठेकेदारों की गुड़ और खांडसारी से भरी बोगी और ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की लंबी लाइन शामली मंडी से बाहर भैंसवाल रोड तक लग गई।
कोल्हू संचालक सुरेंद्र सिंह, रामफल, सोनू, कुशल पाल, प्रवेंद्र, करमूदीन, सुहैल, छोटू पाल, जयराम, ब्रहमपाल, तेजपाल आदि ने कट्टा और बट्टा के नाम पर मंडी व्यापारियों की ओर से आरोप लगाया, बाद में मंडी दुकानदारों-आढ़ती और कोल्हू संचालकों के बीच शामली मंडी मंडल के अध्यक्ष राजीव संगल की मौजूदगी में समझौता हुआ। समझौते के बाद में मंडी आढ़तियों-व्यापारियों ने कोल्हू संचालक का मामला खरीदा गया। एसडीएमद सदर हामिद हुसैन ने शामली मंडी जाकर पूरे मामले की जानकारी ली।