शामली। हत्या, लूट और रंगदारी जैसे संगीन अपराधों की वजह से ही कुख्यात विपुल का नाम खूनी पड़ गया था। गांव भभीसा में दो लोगों की हत्या के बाद विपुल सुर्खियों में आया। इसके बाद संगीन वारदातों को एक के बाद एक अंजाम देने के कारण जरायम की दुनिया में उसे विपुल खूनी के नाम से लोग जानने लगे।
इतना ही नहीं अब उसने भाड़े पर हत्या करनी भी शुरू कर दी थीं। उसकी आपराधिक फेहरिस्त में करीब 32 आपराधिक मामले दर्ज हैं। विपुल खूनी कांधला थाना क्षेत्र के गांव भभीसा निवासी है। गांव की रंजिश के चलते उसके खिलाफ पहला मुकदमा 2005 में दर्ज हुआ। उसके बाद 2008 में शामली के लकड़ी व्यापारी की हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद विपुल के खिलाफ मुकदमों की लाइन लग गई।
वर्ष 2009 में बागपत के खेकड़ा में लूट, 2013 में बागपत में लूट, 2013 में शामली में लूट, मेरठ के सरधना में जानलेवा हमला, खेकड़ा से अपहरण, 2014 में रमाला में हुई हत्या, भभीसा में अपने एक साथी की हत्या का बदला लेने के लिए विपुल ने 2014 में धर्मेंद्र और पवन की हत्या कर दी थी।
उसी रंजिश में गांव के ही अक्षय तथा अशोक इसके निशाने पर थे। हाल ही में खतौली में भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की हत्या को अंजाम दिया। वर्ष 2005 से अब तक विपुल के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के पांच, हमले के छह, लूट और डकैती के पांच मुकदमे सहित कुल 32 मुकदमे दर्ज किए गए।
विपुल खूनी ने भभीसा गांव के अशोक तथा प्रधान के पति अक्षय को जान से मारने की धमकी दी हुई थी। देर रात उनमें से किसी एक की हत्या करने की साजिश विपुल ने बना रखी थी।
इसके अलावा विक्की त्यागी के हत्यारोपी सागर मलिक सहित सुरेंद्र, राहुल सांडू भी उसके निशाने पर थे। विपुल सागर मलिक की मां ग्राम प्रधान बहावड़ी बबली की भी हत्या करना चाहता था। टीम में थानाध्यक्ष कांधला एमएस गिल, स्वॉट टीम प्रभारी राजकुमार शर्मा, थानाध्यक्ष झिंझाना भगवत, कैराना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद पंवार तथा एसओजी टीम के सदस्य शामिल रहे।
विपुल खूनी के खिलाफ दर्ज मुकदमें
क्राइम नंबर धारा थाना
458/05 307 थाना कांधला
888/08 302,120बी कांधला
94/09 392,411 खेकड़ा, बागपत
54/11 110 सीआरपीसी कांधला
129/09 379,411 पांडवनगर, दिल्ली
09/11 394,395,397 ज्योतिनगर, शाहदरा दिल्ली
345/13 307 कांधला
34/13 392, 411 खेकड़ा बागपत
98/13 392, 411 शामली
22/13 2/3 गैंगस्टर एक्ट शामली
221/13 2/3 गैंगस्टर एक्ट शामली
252/13 307 सरधना, मेरठ
253/13 25 आर्म्स एक्ट सरधना, मेरठ
24/14 25 आर्म्स एक्ट आदर्श मंडी
472/14 364ए, 366, 120 बी खेकड़ा बागपत
280/14 307 कांधला
23/14 302 रमाला, बागपत
676/16 307 कांधला
149/17 302 गंगोह सहारनपुर
208/17 384 कांधला
506/17 302 खतौली, मुजफ्फरनगर
1060/17 395,397 कोतवाली मुजफ्फरनगर
न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए दोनों बदमाश
कैराना। कांधला में गिरफ्तार किए गए इनामी विपुल खूनी और उसके साथी शत्रु बालियान को पुलिस ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार मुजफ्फरनगर भेज दिया।
गोली लगने से विपुल खूनी और उसके घायल साथी शत्रु बालियान को कांधला पुलिस एंबुलेंस से लेकर कैराना कचहरी पहुंची। शनिवार अपराह्न करीब चार बजे कड़ी सुरक्षा के बीच उन दोनों को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। एसपी ने बताया कि अदालती कार्रवाई के दौरान दोनों बदमाश एंबुलेंस में ही लेटे रहे। मजिस्ट्रेट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में लेने का आदेश दिया।