शामली। क्षेत्र के गांव खेड़ी करमू में वाल्मीकि बस्ती में सब्जी ले रही महिला को कार सवार युवकों ने साइड मार दी। विरोध करने पर कार सवार युवकों ने अभद्रता करते हुए फायरिंग कर दी। हंगामा बढ़ता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर मामला शांत कर दिया।
सोमवार दोपहर कैराना रोड बिजलीघर से कार सवार कुछ युवक वाल्मीकि बस्ती से निकलकर लिलौन जा रहे थे। इसी दौरान बस्ती में एक ठेली से रास्ते में कुछ महिलाएं सब्जी खरीद रही थीं। इस बीच कार की साइड राजेश को लग गई। जिस पर महिलाओं ने विरोध किया, तो कार सवारों ने उनसे अभद्रता करते हुए गाली-गलौज कर दी।
शोरशराबा होने पर भीड़ एकत्र हो गई और कार सवार युवकों को घेर लिया। जिस पर एक युवक ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। इससे गुस्साई महिलाओं ने हंगामा करते हुए जाम लगाने का प्रयास किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हंगामा करने वालों में सुमित्रा, संतोष, श्यामो, विमलेश, राजेश आदि महिलाएं मौजूद रही।