कांधला। मोमबत्ती से रजाई में आग लगने के कारण दो माह के बच्चे की मौत हो गई। हादसे से परिवार के लोगों में मातम पसरा है।
थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर में रविवार रात बिजली आपूर्ति नहीं थी। घर में इस्लाम की पत्नि सलमा ने मोमबत्ती जला रखी थी। परिवार के लोगों के अनुसार सलमा ने अपने दो माह के बेटे सारिक को चारपाई पर रजाई में लिटा दिया और खुद खाना बनाने रसोई में चली गई।
चारपाई के पास में ही मेज पर जल रही मोमबत्ती रजाई पर गिर गई और रजाई में आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरी रजाई में फैल गई। सलमा जैसे ही कमरे में पहुंची, तो बच्चे बुरी तरह से आग में झुलस चुका था। सलमा ने शोर मचाया, तो पड़ोसी भी मौके पर आ गए।
किसी तरह आग बुझाई गई और झुलसे बच्चे को गांव में ही चिकित्सक के यहां लेकर गए। चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। रात के समय ही गमगीन माहौल में परिवार के लोगो ने बालक का शव सुपुर्द ए खाक कर दिया।