शामली। बाबरी थाना क्षेत्र में यूरिया और रेक्टीफाइड से शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने हाथी करौदा गांव के जंगल में छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से कच्ची शराब, रेक्टीफाइड और यूरिया बरामद किया गया है।
सीओ थानाभवन भूषण वर्मा ने बताया कि सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर हाथी करौदा गांव के जंगल में ट्यूबवेल के पास से सुधीर उर्फ टर्बो पुत्र धन सिंह निवासी गांव बदरखा थाना छपरौली बागपत (हाल निवासी हाथी करौदा) को गिरफ्तार किया।
मौके से 45 लीटर कच्ची शराब, चार लीटर रेक्टीफाइड, 14 पव्वे और एक किलोग्राम यूरिया बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि आरोपी सुधीर कच्ची शराब में रेक्टीफाइड एवं यूरिया से तैयार कर रहे अपमिश्रित शराब बेचने का धंधा कर रहा था। गांव हाथी करौदा में सुधीर की बहन रहती है। काफी समय से वह अपनी बहन के पास ही रह रहा था।