शामली। अवैध हथियारों की सूचना मिलने पर कुछ ग्रामीणों ने कैराना क्षेत्र में खुरगान रोड पर शनिवार रात एक स्विफ्ट कार घेर ली और कंट्रोल रूम को सूचना देकर पुलिस को बुलाया। कार में सवार दो युवक तो उतरकर भाग गए। मगर एक सिपाही मिला। बाद में उसे लाइन हाजिर कर दिया गया। हालांकि लाइन हाजिर करने का कारण सिपाही का नशे की हालत में होना बताया जा रहा है। पुलिस कार में अवैध हथियार की बात से इनकार कर रही है।
मामला शनिवार रात करीब दस बजे का है। एक स्विफ्ट में तीन लोग कैराना से खुरगान गांव की तरफ जा रहे थे। इसी बीच, खुगरान गांव के पास कुछ ग्रामीणों ने यह कार घेर ली। उनका कहना था कि इस कार से अवैध हथियार ले जाने की जानकारी उन तक पहुंची है। इस दौरान कार में सवार दो युवक तो भाग गए। लेकिन सिपाही पकड़ लिया गया। वह नशे की हालत में था। ग्रामीणों की सूचना पर कैराना कोतवाली पुलिस कार और सिपाही को थाने पर ले आई।
उधर, इस मामले में पुलिस अधीक्षक विजय भूषण से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि शनिवार रात खुरगान रोड पर सिपाही रविंद्र नशे की हालत में मिला। उसे लाइन हाजिर कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रविंद्र पूर्व में आर्म्ड पुलिस (एपी) में था, तब वह करीब एक साल तक खुरगान गांव निवासी कल्लू की सुरक्षा में तैनात था। बाद में वह एपी से ट्रांसफर होकर कैराना कोतवाली में तैनात हुआ। इसके चलते उसका खुरगान में आना जाना था। एसपी ने कहा कि अभी तक अवैध हथियारों के बारे में कोई सुराग सामने नहीं आया है।
सपा नेता का दावा, कार में थे हथियार
एक सपा नेता ने दावा किया है कि कार में अवैध हथियार लाए जा रहे थे, जिसकी पुष्ट सूचना ग्रामीणों ने उन्हें दी। पुलिस ने मामले को रफादफा करने के लिए हथियारों का मामला दबा दिया। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की शिकायत वह आला अफसरों से करेंगे क्योंकि पुलिस ऐसे मामलों में ढील बरतकर असामाजिक तत्वों को बढ़ावा दे रही है।