कांधला। यमुना नदी इस्सोपुर टील क्षेत्र में अवैध रेत खनन को लेकर ग्रामीण और खनन माफिया आमने- सामने आ गए हैं। बुधवार की रात ग्रामीणों ने खनन स्थल पर पहुंचकर माफिया को खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से खनन पर रोक लगाए जाने के साथ ही माफिया पर कार्रवाई की मांग की है ।
थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील स्थित यमुना नदी से काफी दिनों से अवैध रेत खनन किया जा रहा है। करीब एक पखवा़ड़ा पूर्व खनन माफिया के मुनीम से बदमाशों ने 90 हजार रुपये लूट लिए थे। कार्रवाई के दौरान दोनों ओर से फायरिंग भी हुई। ग्रामीणों ने इस मामले में प्रशासन से माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीण खुद ही इसका विरोध करेंगे। ग्रामीणों की चेतावनी के बावजूद पुलिस ने मामले में केवल खानापूर्ति की।
शिकायत के बाद भी प्रशासन के द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर ग्रामीणों ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया। बुधवार की रात ग्रामीणों ने खनन स्थल पर पहुंचकर खनन माफिया को ललकारते हुए उन्हें खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव ने कहा कि उन्हें इस तरह के मामले की जानकारी नहीं है।