झिंझाना। बिडौली यमुना पुल पर अवैध वसूली करने तथा विरोध करने पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से लूटपाट करने का आरोप लगाते हुए सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शामली निवासी अमित शर्मा ने झिंझाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि अवैध खनन की शिकायत पर वह अपने साथी रवि के साथ बिडौली गए थे, उसी दौरान स्कार्पियो सवार परमाल और राहुल राठी ने दोनों पर हमला कर दिया और उनसे लूटपाट की। आरोप है कि इसी दौरान सुमित राठी और शरद मलिक वहां पर आ गए। इन लोगों ने परमाल व उसके साथी को यह कहते हुए भगा दिया कि तुम रेत से भरी गाड़ी निकलवाओ इनको हम संभाल लेंगे।
इसी दौरान वहां पुलिस आ गई। मामले में पुलिस ने आरोपी सुमित राठी, शरद मलिक, परमाल तथा राहुल के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उधर, दूसरे पक्ष की ओर से परमाल निवासी मंगलौरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वह अपने साथी राहुल राठी के साथ 25 फरवरी की रात करनाल से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान यमुना पुल पर बोलेरो सवार चार व्यक्ति अवैध वसूली कर रहे थे।
आरोप है कि टोकने पर उनमें से दो ने मारपीट करते हुए तमंचे दिखाकर दो लाख रुपये की मांग की और 19500 रुपये लूट लिए। आरोपियों ने उन पर फायर भी किया। शोर शराबा होने पर मौके पर और लोग आ गए और दोनों युवक मौके से फरार हो गए। इस दौरान सुमित राठी और शरद मलिक भी वहां पर आ गए, दोनों को देखकर वहां से अमित शर्मा ओर रवि जागलान ने फैसले की बात कही। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, रंगदारी मांगना, लूट करना तथा मारपीट करने सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं शामली निवासी सरफराज ने सुमित राठी और शरद मलिक के खिलाफ जान की धमकी देने और गाली गलौज करने की एनसीआर दर्ज कराई है।